सड़क सुरक्षा के दावों के बीच जमीनी चुनौतियां बरकरार, सांसद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश.

शुकरुल्लापुर ब्रिज पर अंधेरे का मुद्दा उठा तो तत्काल लाइटें लगाने को कहा, एनएचएआई की सड़क पर भी उठे सवाल; कोहरे से पहले रिफ्लेक्टर और नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान चलाने के निर्देश...

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद                                                                                                                           सड़क सुरक्षा को लेकर सरकारी प्रयासों के बावजूद जमीनी स्तर पर कई चुनौतियां बनी हुई हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित संसद-सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शुकरुल्लापुर ब्रिज पर रोशनी की व्यवस्था न होने और एनएचएआई की सड़कों की स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सांसद ने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोहरे का मौसम शुरू होने से पहले शुकरुल्लापुर ब्रिज पर तत्काल लाइटें लगवाई जाएं, जिससे रात में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी न हो। विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य ने मुरहास कन्हैया में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा पर चालान किए जाने का मुद्दा उठाते हुए एनएचएआई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। इस पर सांसद ने एनएचएआई के अधिकारियों से सड़क की स्थिति सुधारने को कहा। विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि सिंह ने कोहरे के मद्देनजर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान चलाने और नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान दोबारा शुरू कराने की जरूरत बताई। सांसद ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक जनपद में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या में पिछले वर्ष के मुकाबले कमी जरूर आई है, लेकिन अक्टूबर 2026 तक 383 हादसों में 222 लोगों की जान जाना चिंता का विषय है। वर्ष 2025 की समान अवधि में 395 दुर्घटनाओं में 226 लोगों की मृत्यु हुई थी। इस तरह दुर्घटनाओं में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। दूसरी ओर प्रदेश में दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में वृद्धि सामने आई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 में अक्टूबर तक पुलिस ने 83,436 वाहनों के चालान कर 396 वाहन बंद किए और 80.50 लाख रुपये जुर्माना वसूला। परिवहन विभाग ने 4,090 वाहनों के चालान कर 645 वाहन बंद किए तथा 197 लाख रुपये जुर्माना वसूला। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर पुलिस ने 41,382 और परिवहन विभाग ने 2,741 चालान किए। बैठक में विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, नवाबगंज चेयरमैन अनिल राजपूत, प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एएसपी गिरीश सिंह, सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी, एआरटीओ सुभाष राजपूत और डीपीआरओ अविनाश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने