बिजली की चिंगारी से लगी आग, दो छप्पर और चारे की तीन बटिया राख दो बकरियां झुलसीं, करीब एक लाख रुपये का नुकसान

प्रखर वाणी | संवाददाता राजेपुर

राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना राजेपुर क्षेत्र के जैनापुर गांव में सोमवार को बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने जमकर तबाही मचाई। अचानक लगी आग से दो छप्पर और पशुओं के चारे की तीन बटिया जलकर राख हो गईं। वहीं आग की चपेट में आने से दो बकरियां भी झुलस गईं। घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव में स्कूल के पास बिजली के तारों से निकली चिंगारी से राजपाल पुत्र जुगलू, वीरपाल, जगबीर, शिवशरण और दिनेश के छप्परों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस और चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दो छप्पर और चारे की तीन बटिया पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। आग में दो बकरियां भी झुलस गईं।

अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने