पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने निभाई कन्यादान की जिम्मेदारी, हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति से विवाह तो मुस्लिम जोड़े का हुआ निकाह....
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद,, सामाजिक सरोकार और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल एवं नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के परिवार की ओर से बुधवार को सेवाव्रत अनुष्ठान के तहत 73 जोड़ों का विवाह कराया गया। मधुर मिलन गेस्ट हाउस में आयोजित इस 19वें सामूहिक विवाह समारोह में 72 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह और एक जोड़े का इस्लामिक परंपरा के अनुसार निकाह संपन्न कराया गया। रात करीब आठ बजे जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद समारोह का शुभारंभ हुआ। रात करीब नौ बजे मंच पर 72 जोड़ों का जयमाला कार्यक्रम हुआ। रामधुन के बीच दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान मनोज अग्रवाल ने परिवार के साथ नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया।
जयमाला के बाद मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ाया गया। मंच पर डीजे की धुन पर नवदंपतियों ने नृत्य कर खुशी भी जाहिर की। इसके बाद सभी जोड़े अपने-अपने विवाह मंडप में पहुंचे, जहां वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं।नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा कि राजनीति पद या प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस अनुष्ठान की शुरुआत उनके ससुर ने की थी और परिवार पिछले 18 वर्षों से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाता आ रहा है। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि यह दिन उनके परिवार के लिए उत्सव और फर्रुखाबाद के लिए महोत्सव है। परिवार के जीवित रहने तक सेवाव्रत अभियान जारी रहेगा। आयोजन के तहत नवदंपतियों को दान-दहेज के साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया। विवाह के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया नवरात्र से शुरू होती है और हर वर्ष 18 नवंबर को यह आयोजन किया जाता है। वर-वधू पक्ष के परिजनों के भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजकों के अनुसार करीब 17 हजार लोगों के लिए भोजन तैयार कराया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन और मिठाइयां शामिल रहीं।
Tags
Farrukhabad

