प्रखर वाणी | संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो ट्रांसफार्मर लदी तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे खोखे में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, डीसीएम में दो ट्रांसफार्मर लदे हुए थे। वाहन कस्बा तिराहे की ओर से तेज रफ्तार में जा रहा था। राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद डीसीएम सड़क किनारे रखे खोखे में जा घुसी। हादसे में राजेपुर निवासी दिलीप पुत्र रमेश, राजेश पाल और बृजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने दिलीप को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश पाल और बृजमोहन की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Tags
Rajepur Farrukhabad