1200 विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

नाबालिगों को वाहन देने पर अभिभावकों को तीन साल तक की जेल और 25 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान...

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद                                                                                                                            सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत गुरुवार को श्यामनगर स्थित लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 1200 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना अभिभावकों के लिए भी भारी पड़ सकता है। मोटर वाहन संशोधन अधिनियम के तहत नाबालिग के वाहन चलाते पकड़े जाने पर संरक्षक अथवा वाहन स्वामी को तीन वर्ष तक की जेल और 25 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। यातायात निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही है। उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।

एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि जनपद में वर्ष 2026 में अक्टूबर तक 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 222 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि वर्ष 2025 की समान अवधि में 395 दुर्घटनाओं में 226 लोगों की जान गई थी। इस प्रकार दुर्घटनाओं में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हुई दुर्घटनाओं में 252 मामलों में दोपहिया वाहन शामिल थे, जिनमें 148 लोगों की मृत्यु और 208 लोग घायल हुए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए। इस दौरान स्कूल निदेशक अभिनव कनौजिया, प्रधानाचार्य एसपी सिंह, उप प्रधानाचार्य तारकेश्वर सिंह, शिक्षकगण, स्टाफ और स्कूल बसों के चालक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने