कमालगंज स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण में खुली चिकित्सीय कार्यों के संचालन की स्थिति, अनुपस्थित मिले कई कर्मचारी; स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के निर्देश...
प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था परखने पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय को आकस्मिक कक्ष में वार्ड बॉय मरीज को इंजेक्शन लगाते मिला। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि इंजेक्शन लगाने समेत सभी चिकित्सीय प्रक्रियाएं केवल अधिकृत और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से ही कराई जाएं। सोमवार को किए गए औचक निरीक्षण में उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का जायजा लेकर मरीजों को मिल रही सुविधाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति भी परखी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और उपचार की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उपस्थिति पंजिका की जांच में 31 अक्टूबर को नेत्र परीक्षक अरविंद, डॉ. अरुण यादव, डॉ. तनुज अरोड़ा और डेंटल हाइजीनिस्ट सत्येंद्र यादव अनुपस्थित मिले। डॉ. अरुण यादव की 22 अक्टूबर को भी अनुपस्थिति दर्ज मिली। इसके अलावा दो कर्मचारी करीब एक सप्ताह से अनुपस्थित चल रहे हैं। सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र पर चार फार्मासिस्ट और नौ स्टाफ नर्स तैनात हैं, ऐसे में उपलब्ध मानव संसाधन का समुचित उपयोग कर स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों की गैरहाजिरी के कारण मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और औषधियों का रखरखाव संतोषजनक मिला। सीएमओ ने व्यवस्थाओं को इसी तरह बनाए रखने के निर्देश देते हुए अधीक्षक और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने चिकित्सीय कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने, कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने और मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार व दवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
