अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान तेज, जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई

नेकपुर चौरासी में दबिश देकर 15 लीटर कच्ची शराब और 90 किलो लहन बरामद, शराब दुकानों की जांच कर अनुज्ञापियों को नियमों के पालन की हिदायत...

प्रखरवाणी 

फर्रुखाबाद

जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने टीम के साथ छापेमारी कर 15 लीटर कच्ची शराब और करीब 90 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता ने अभियान के तहत अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने ग्रामीणों को अवैध शराब का सेवन न करने तथा कहीं भी इसके निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर विभाग को तत्काल सूचना देने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी और मॉडल शॉप आवास विकास का औचक निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची। देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन से निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान को लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने