सनबीम पब्लिक स्कूल में यातायात पुलिस ने किया जागरूक, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के साथ बताए नियमों के पालन के फायदे....
प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
यातायात नियमों की अनदेखी सड़क हादसों की बड़ी वजह बनती है। ऐसे में बच्चों को बचपन से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह-2026 के तहत यातायात पुलिस ने सनबीम पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर पहुंची यातायात पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
टीम ने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, रेड लाइट का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने के प्रति जागरूक किया। साथ ही यातायात पुलिस के विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। बच्चों ने उपकरणों के बारे में जानकारी ली और अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका पुलिसकर्मियों ने समाधान किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
