सामूहिक विवाह सम्मेलन में नहीं रहेगी अव्यवस्था, डीएम ने परखी तैयारियां

20 नवंबर को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में होगा आयोजन, पात्र जोड़ों को सम्मानजनक माहौल देने के निर्देश

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन को सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ क्रिश्चियन इंटर कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। 20 नवंबर को प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। आयोजन में शामिल होने वाले वर-वधू और उनके परिजनों को किसी तरह की असुविधा न हो तथा उन्हें सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश, साफ-सफाई, शौचालय और पार्किंग सहित प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पात्र जोड़ों के पंजीकरण, अभिलेखों के सत्यापन और विवाह की रस्मों को संपन्न कराने के लिए विभागवार जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक पात्रों तक पहुंचना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं की स्वयं मौके पर पहुंचकर निगरानी करें।एसपी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और वाहनों की पार्किंग के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। ऐसे में आयोजन की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें। निरीक्षण के दौरान सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने