12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से वादों के निस्तारण पर जोर

अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में लाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद

आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने को लेकर अपर जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक में लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों को चिह्नित कर लोक अदालत में लाने तथा उनके त्वरित निस्तारण की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।अपर जिला जज/सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभागों से संबंधित समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता से चिह्नित कर पक्षकारों से संपर्क स्थापित करें और उन्हें आपसी सहमति से विवाद निस्तारण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सरल, सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। इससे न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम होने के साथ ही पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है।उन्होंने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार, वादकारियों को समय से सूचना देने और आवश्यक अभिलेख तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के वादकारियों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित एवं समझौता योग्य विवादों का निस्तारण कराने के लिए 12 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग कर अवसर का लाभ उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने