कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का एएसपी ने लिया जायजा, ढाई घाट का किया निरीक्षण


स्नान घाट से पुलिस कंट्रोल रूम तक व्यवस्थाएं परखीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

प्रखरवाणी ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

कार्तिक पूर्णिमा पर शमसाबाद क्षेत्र के ढाई घाट पर लगने वाले गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेले में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने थाना शमसाबाद क्षेत्र के ढाई घाट पहुंचकर मेला परिसर, स्नान घाट और पुलिस कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों को भी परखा। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखी जाएं। स्नान घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों और पुलिस कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। यातायात और पार्किंग व्यवस्था में इस बात का ध्यान रखा जाए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए। साथ ही प्रकाश, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध रहें, जिससे स्नान पर्व के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने