कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर अलर्ट पुलिस प्रशासन, डीआईजी ने पांचाल घाट पहुंचकर परखी सुरक्षा व्यवस्था


एसपी ने इससे पहले देर रात एएसपी के साथ किया था निरीक्षण, स्नान घाट से लेकर पार्किंग और स्वास्थ्य शिविर तक की तैयारियां जांचीं

प्रखरवाणी ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

कार्तिक पूर्णिमा पर पांचाल घाट में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। मेले की तैयारियों को परखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ थाना कादरीगेट क्षेत्र के चांदपुर स्थित पांचाल घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला स्थल के साथ स्नान घाट का जायजा लेकर सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान घाट पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थलों और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाएं देखीं। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भीड़ के अनुरूप सभी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। स्नान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ यातायात और पार्किंग का संचालन इस तरह किया जाए कि मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने। स्वास्थ्य शिविर और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित रहे।डीआईजी के निरीक्षण से पहले पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने देर रात अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार के साथ पांचाल घाट पहुंचकर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। एसपी ने मेले के दौरान पुलिस की सतर्कता बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु रखने और भीड़ के दबाव को देखते हुए जरूरी प्रबंध करने पर जोर दिया था।

कार्तिक पूर्णिमा पर पांचाल घाट और आसपास के मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर यातायात प्रबंधन भी पुलिस के लिए अहम रहेगा। ऐसे में पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने, मेला क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश रोकने और स्नान घाट तक पहुंचने वाले रास्तों पर सुचारु आवागमन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के लगातार निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो तथा पूरा आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने