अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, कुछ दिन पहले हुई थी बहन की मौत; परिवार में मचा कोहराम
प्रखरवाणी ब्यूरो
नवाबगंज फर्रुखाबाद
बहन की मौत के बाद उसकी याद में गंगा घाट पर दीपक जलाने जा रहे दो भाइयों की बाइक को मंगलवार तड़के अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला बरतल निवासी प्रदीप कुमार (40) बिजली विभाग में लाइनमैन थे। कुछ दिन पहले उनकी बहन राधा की आकस्मिक मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे प्रदीप अपने छोटे भाई कुलदीप (30) के साथ बाइक से शमशाबाद गंगा घाट पर बहन की याद में दीपक जलाने जा रहे थे। कस्बा नवाबगंज-मंझना मार्ग पर गांव जानकीपुर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले गए, जहां चिकित्सक ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर वहां से उसे कानपुर भेज दिया गया।
प्रदीप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता रूपराम सक्सेना, मां ओमवती और पत्नी सरोजनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बच्चे विनय (18), निशु (16), वैष्णवी (13) और एक वर्षीय हिमांशी पिता को याद कर बिलखते रहे। कुछ दिन पहले बहन की मौत से परिवार पहले ही सदमे में था, अब प्रदीप की असमय मौत ने परिवार को झकझोर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उपनिरीक्षक अभिलाख सिंह ने सीएचसी पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में घायल दोनों भाइयों को सीएचसी लाया गया था, जहां प्रदीप को मृत घोषित कर दिया गया। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
