विकास योजनाओं को गति देने के लिए सांसद ने अधिकारियों को दिए निर्देश

दिशा की बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल और गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा, जनहित के कार्य समयबद्ध पूरे कराने पर जोर....

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद                                                                                                                        कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि विकास कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। जनप्रतिनिधियों की ओर से क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को भी प्राथमिकता से लेकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित विभिन्न ब्लॉक प्रमुख एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक के शुभारंभ पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया।सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत के अधिकारियों को सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सदर को अल्लाहनगर से बढ़पुर के बीच सड़क पर अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गठित करने को कहा, जिससे आवागमन सुगम हो सके। सार्वजनिक मार्गों पर पशु बांधने और निराश्रित गोवंश के विचरण से होने वाली असुविधा को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। गोवंश संरक्षण के तहत सभी गौशालाओं में बाउंड्रीवाल, ईयर टैगिंग और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के साथ निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर गौशालाओं में संरक्षित करने पर जोर दिया। जल जीवन मिशन की समीक्षा में पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और उन्हें पूर्व की स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सांसद ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने और लाइन लॉस की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने को कहा। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को 72 घंटे के भीतर बदलकर उनके स्थान पर क्रियाशील ट्रांसफार्मर स्थापित कराने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को पात्र श्रमिकों का पंजीकरण कराकर उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा राजस्व विभाग को ग्राम समाज एवं कृषि योग्य भूमि से संबंधित शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने को कहा। खाद एवं बीज वितरण की समीक्षा में सहकारी समितियों के माध्यम से किए गए वितरण की विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव ने जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी दी और जनप्रतिनिधियों से आमजन को जागरूक करने की अपील की। परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार ने वीबी-जी राम जी, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, डीडीओ श्याम कुमार तिवारी, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, एसडीएम सदर संजय कुमार, डीपीआरओ अविनाश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने