तिलक समारोह से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

तिलक समारोह से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया..

प्रखरवाणी अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। भांजे के तिलक समारोह की खुशियों में शामिल होकर घर लौट रहे पंकज यादव (35) की जिंदगी रास्ते में ही थम गई। अमृतपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंकज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक पल में खुशियां मातम में बदल गईं और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

जानकारी के मुताबिक उजरा मऊ निवासी पंकज यादव पुत्र रामनारायण बुधवार को मंजा गांव में अपने भांजे के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से बाइक द्वारा घर लौटते समय पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से पंकज को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी।

पंकज तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे पंकज की अचानक मौत से घर का सहारा छिन गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अंजलि बदहवास हो गईं। मां गुड्डी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में समारोह से लौटने की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।

सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक की जानकारी जुटाई जा रही है। पंकज की असमय मौत से परिवार ही नहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने