चेहरे और गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार, सीएचसी से मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर; दो युवकों पर हमले का आरोप.
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के मोहल्ला बरतल में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट और एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में रामसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज और फिर फर्रुखाबाद के अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा, जनपद कन्नौज रेफर किया गया है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे रामसिंह खेत से काम करके घर लौटे थे। इसी दौरान गांव का ही अभिषेक अपने एक साथी के साथ उनके घर पहुंचा और दरवाजे की कुंडी पीटने लगा। आवाज सुनकर रामसिंह बाहर आए और दरवाजा पीटने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर दोनों युवक आक्रोशित हो गए और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।इसी बीच शोर सुनकर रामसिंह के पुत्र धर्मवीर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तभी अभिषेक ने धारदार हथियार से रामसिंह के चेहरे और गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल रामसिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के दौरान सत्यपाल पर भी आरोपी के साथ मौजूद रहकर सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिजन घायल रामसिंह को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आरएमएल अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया। वहां से भी बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेज दिया गया। फिलहाल बुजुर्ग का उपचार जारी है और परिजन उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं।
घटना के बाद मोहल्ले में तनाव और दहशत का माहौल है। मामले में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
