पुआल हटाने के विवाद में खूनी संघर्ष, घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला; तीन घायल

 नवाबगंज के नया गनीपुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; दोनों पक्षों ने दी तहरीर.

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद। नवाबगंज कस्बे के मोहल्ला नया गनीपुर में पुआल हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घटना से जुड़ी मारपीट के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। हालांकि समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

मोहल्ला नया गनीपुर निवासी पंकज जाटव के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे उन्होंने मोहल्ले के एक युवक से अपनी जगह पर पड़े पुआल को हटाकर दूसरी जगह रखवाने और वहां थ्रेसर से चारा कटवाने की बात कही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक और उसके परिजन नाराज हो गए तथा पंकज के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पंकज के मुताबिक, हमलावरों से बचने के लिए वह अपने घर के अंदर भागे, लेकिन आरोपी घर में भी घुस आए। वहां पंकज, उनकी पत्नी सीमा जाटव, पुत्र आर्यन और हर्षवर्धन के साथ मारपीट की गई। घटना में पंकज, सीमा और आर्यन को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि उनके घर की लड़कियां जब शौच के लिए जाती हैं, तो विपक्षी युवक मोबाइल की टॉर्च जलाकर उनकी तरफ रोशनी करता है और उन्हें परेशान करता है। इसी बात को लेकर रविवार रात गली में विवाद शुरू हुआ था।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना नवाबगंज पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने