फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर मिली लावारिस ट्रॉली बैग में रखे 20 लाख के जेवर और नकदी, जीआरपी ने महिला को खोजकर किया सुपुर्द

 शाहजहांपुर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार, पुलिस की तत्परता से वापस मिली लाखों की अमानत; जीआरपी टीम की सराहनीय कार्यशैली..

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिले ट्रॉली बैग को उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाकर जीआरपी फर्रुखाबाद ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है। बैग में करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 25,100 रुपये नकद और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद बैग की मालकिन की पहचान कर उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों और रेलवे स्टेशनों पर आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत जीआरपी फर्रुखाबाद की टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान करीब शाम 5:30 बजे मेन गेट के सामने सर्कुलेटिंग एरिया में एक बड़ा ट्रॉली बैग लावारिस हालत में रखा दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों और यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।

इसके बाद पुलिस टीम बैग को थाने ले आई और नियमानुसार वीडियोग्राफी कराते हुए उसे खोला गया। तलाशी के दौरान बैग में अशोक ज्वेलर्स के नाम की पर्ची वाला पर्स मिला, जिसमें 25,100 रुपये नकद थे। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण, अंगूठियां, कान के झुमके, पाजेब, चेन, नाक की पिन, बच्चों की अंगूठियां और करीब 25 जोड़ी कपड़े बरामद हुए।

बैग में कोई ऐसा वैध पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसके मालिक का पता चल सके। इसके बाद फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर के जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से ट्रॉली बैग मिलने की सूचना प्रसारित कराई गई। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद सोमवार, 9 नवंबर को महिला हुस्ना असलम अंसारी पत्नी असलम अंसारी निवासी मुंब्रा, ठाणे (महाराष्ट्र) अपने परिजनों के साथ जीआरपी थाने पहुंचीं।

महिला ने बताया कि वह अपनी मां, सास और अन्य परिजनों के साथ शाहजहांपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। 8 नवंबर को ट्रेन से फर्रुखाबाद पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से शाहजहांपुर जाने के लिए उन्होंने अपना सामान स्टेशन के बाहर रखा था। इसी दौरान कपड़ों और परिवार के कीमती आभूषणों से भरा बड़ा ट्रॉली बैग मेन गेट के पास छूट गया। रात में जब उन्हें बैग गायब होने की जानकारी हुई तो पूरा परिवार परेशान हो गया।

जीआरपी थाने में बैग और उसमें रखे सामान की पहचान होने के बाद महिला को उनका सामान सुपुर्द कर दिया गया। लाखों रुपये के आभूषण और नकदी वापस मिलने पर महिला तथा उनके परिजनों ने जीआरपी पुलिस का आभार जताया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल 858 मुकेश कुमार, कांस्टेबल मनमोहन सिंह तथा महिला आरक्षी ज्योति चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीआरपी की इस कार्रवाई की सराहना हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने