धारा-24 की पैमाइश में अब कैमरे की नजर, वीडियोग्राफी अनिवार्य

अमृतपुर तहसील समाधान दिवस में डीएम ने दिए निर्देश, शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर.

प्रखरवाणी 

फर्रुखाबाद

भूमि विवादों के निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने धारा-24 के मामलों में पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई की वीडियोग्राफी अनिवार्य कराने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को अमृतपुर तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में मौके पर होने वाली कार्रवाई पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए, ताकि भूमि विवादों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिन प्रकरणों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और तथ्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

धारा-24 के प्रकरणों पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि भूमि की पैमाइश और सीमांकन के दौरान तहसील स्तर के क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे कार्रवाई का स्पष्ट अभिलेखीकरण होगा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी न करने तथा नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। निस्तारण की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही से कोई समझौता न हो तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने