बीते सप्ताह ही कराया गया था मरम्मत कार्य, फिर उखड़ने लगा पुल का हिस्सा; एनएचएआई के अधिकारियों और निर्माण फर्म की कार्यप्रणाली पर भड़के स्थानीय लोग.
प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
पांचाल घाट स्थित गंगा पुल की बदहाल स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुल की मरम्मत के नाम पर लगातार काम कराया जा रहा है, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और चिंताजनक होते जा रहे हैं। बीते सप्ताह ही पुल पर मरम्मत कार्य कराया गया था, इसके बावजूद सड़क और फुटपाथ के किनारे का हिस्सा फिर से क्षतिग्रस्त दिखाई देने लगा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर बार-बार मरम्मत के बावजूद पुल की हालत क्यों नहीं सुधर रही है? क्या मरम्मत का उद्देश्य पुल को सुरक्षित बनाना है या महज सरकारी धन खर्च करने की औपचारिकता पूरी करना?
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निर्माण फर्म की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि पुल की मरम्मत के नाम पर कथित तौर पर सरकारी धन की बंदरबांट हो रही है और धरातल पर गुणवत्तापूर्ण काम कराने के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि यदि मरम्मत का काम मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है तो कुछ ही दिनों में पुल के हिस्से दोबारा क्षतिग्रस्त कैसे हो रहे हैं? लोगों ने यहां तक आरोप लगाया कि सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के साथ आमजन की जान को भी जोखिम में डाला जा रहा है। पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के साथ राहगीरों का आवागमन होता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्से किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी दुर्घटना के बाद ही जागेंगे?
मामले में एनएचएआई के जूनियर इंजीनियर विश्वास मिश्रा से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। हालांकि उन्होंने मामले पर कोई स्पष्ट जानकारी देने के बजाय स्वयं को व्यस्त बताते हुए फिलहाल बात करने में असमर्थता जताई। इससे उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उधर, क्षत्रिय करणी सेना के ब्लॉक उपाध्यक्ष ठा. अंकित चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही मरम्मत पूरी होने तक दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने की बात कही है। अब सवाल यह है कि बार-बार मरम्मत के बावजूद पुल की दुर्दशा पर संबंधित विभाग कब जवाबदेह होगा और आमजन की सुरक्षा के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?
