मिठाई की दुकानों पर वैधता तिथि जांची, ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी की पड़ताल; दीपावली पर सुरक्षा, स्वच्छता और सजावट बेहतर बनाने के निर्देश.
फर्रुखाबाद
दीपावली पर शहर के बाजारों में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर धनतेरस पर खुद मैदान में उतरीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ लाल गेट से चौक तक पैदल भ्रमण कर प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और दीपावली के लिए की गई सजावट का जायजा लिया। पुलिस बल के मार्च पास्ट के बीच डीएम और एसपी ने व्यापारियों व आमजन से संवाद कर त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मिष्ठान प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेट व डिब्बों पर अंकित वैधता तिथि समेत आवश्यक विवरणों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान मिठाइयों की शुद्धता पर विशेष निगरानी रखी जाए और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ज्वेलरी दुकानों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनके संचालन की स्थिति भी परखी गई। दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने दीपावली एवं छठ पूजा के दृष्टिगत शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। बाजारों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के साथ कहीं भी गंदगी और जलभराव नहीं होने देने पर जोर दिया। उन्होंने नगर निकाय और विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा बाजारों की सजावट को और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए, जिससे त्योहार पर शहर की सुंदरता और रौनक बढ़े।डीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन प्रभावी बनाया जाए और जाम की स्थिति न बनने दी जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार गश्त और निगरानी रखने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य जनपदवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि सभी लोग हर्षोल्लास के साथ पर्व मना सकें।
