अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं

अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह मजदूरी कर घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से खुशियों का माहौल गम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र के भुडिया भेड़ा गांव निवासी रामवीर पल्लेदारी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार देर शाम काम खत्म करने के बाद वह पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़-बदायूं मार्ग पर नाशा पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घायल रामवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले गई। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार को उनकी मौत की सूचना दी गई, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई।

बेटी की शादी से पहले उजड़ गया परिवार का सहारा
रामवीर की मौत से उनकी पत्नी आरती पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत की खबर सुनकर वह बेसुध हो गईं। रामवीर अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी शाहजहांपुर में तय हुई थी और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। घर में शादी को लेकर उत्साह था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने