पिकअप-ट्रक की भिड़ंत में मां-बेटी की मौत, कई घायल

जैनापुर के पास भीषण हादसा; ग्राइंडर से काटकर निकाला गया पिकअप में फंसा चालक
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार को जैनापुर के निकट पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 25 वर्षीय महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक वाहन के अंदर फंस गया। पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से खिड़की कटवाकर उसे बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहा था। जैनापुर के पास उनकी पिकअप की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने पूजा और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल विमलेश का सीएचसी में उपचार चल रहा है, जबकि करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने