बिना पंजीकरण होटल चलाने वालों पर सख्ती, सात प्रतिष्ठानों की जांच
प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
सराय अधिनियम के तहत पंजीकरण कराए बिना संचालित होटलों और गेस्ट हाउस पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अपर जिला मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल के नेतृत्व में पर्यटन विभाग ने तहसील सदर क्षेत्र में सात प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इनमें ओयो ब्लू स्टार, ओयो बिलीस, ओयो स्काई, ओयो होटल वेलकम, ओयो होटल रेड हार्ट इन, यश पैलेस और याकूतगंज स्थित आराध्या मैरिज हॉल शामिल हैं।
जांच में उन प्रतिष्ठानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिन्हें पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक पंजीकरण संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों पर जुर्माना लगाने और आवश्यकतानुसार सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित है। जिले के अन्य होटलों, गेस्ट हाउस, मैरिज हॉल और धर्मशालाओं की भी जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए अग्निशमन सुरक्षा संबंधी प्रमाणपत्र, स्वीकृत भवन मानचित्र, खाद्य सुरक्षा विभाग की अनापत्ति और चरित्र प्रमाणपत्र सहित जरूरी अभिलेखों की जांच होती है। इन मानकों का उद्देश्य ठहरने वाले यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।