छात्र-छात्राओं के खाते में पहुंची छात्रवृत्ति, डीआईओएस ने बढ़ाया हौसला
छात्रवृत्ति योजना के प्रथम चरण में विद्यार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र, विद्यालय में हुआ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के छात्र-छात्राओं को प्रथम चरण में छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुआ, जिसका सजीव प्रसारण जिले के संबंधित विद्यालयों में किया गया। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में भी छात्राओं ने कार्यक्रम देखा। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, डीआईओएस संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय और प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत मौजूद रहीं। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। डीआईओएस संजीव कुमार ने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहारा देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती है। पात्र विद्यार्थियों तक योजना का लाभ समय से पहुंचे, इसके लिए विद्यालय स्तर पर भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण के दौरान छात्र-छात्राओं ने छात्रवृत्ति योजना से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। विद्यालय में मौजूद अधिकारियों ने विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद और पात्र विद्यार्थियों को शिक्षा से जुड़े खर्च में सहायता उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई को निरंतर बनाए रखना रहा।