गरीब गर्भवती महिलाओं के लिए नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड, दो दर्जन महिलाओं को मिला लाभ
जोगराज हॉस्पिटल में डॉ. जिज्ञासा सिंह ने लगाया शिविर, जरूरतमंद महिलाओं को जांच के साथ चिकित्सकीय सलाह भी मिली
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)
आवास विकास स्थित जोगराज हॉस्पिटल में शनिवार को आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं के लिए नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड एवं जांच शिविर लगाया गया। सोनोलॉजिस्ट डॉ. जिज्ञासा सिंह की पहल पर आयोजित शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचीं करीब दो दर्जन महिलाओं की बिना शुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की गई। जांच के बाद महिलाओं को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ आगे की चिकित्सकीय सलाह भी दी गई।
आर्थिक परेशानी के कारण जांच नहीं करा पाने वाली महिलाओं के लिए शिविर राहत लेकर आया। खड़कपुर क्षेत्र से पहुंची एक महिला ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह जांच को लेकर चिंतित थी, लेकिन शिविर में बिना कोई शुल्क लिए सम्मानपूर्वक जांच की गई। एक मरीज के पति ने डॉ. जिज्ञासा सिंह के व्यवहार की सराहना करते हुए बताया कि जांच के दौरान उन्होंने उन्हें भी भीतर बुलाकर स्क्रीन पर बच्चे को दिखाया। उनके सहज व्यवहार से अस्पताल का माहौल परिवार जैसा महसूस हुआ।
डॉ. जिज्ञासा सिंह ने कहा कि कई आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान समय पर जरूरी जांच नहीं मिल पाती, जबकि समय पर अल्ट्रासाउंड से मां और बच्चे के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी हर महीने कम से कम एक बार इस तरह का शिविर आयोजित करने का प्रयास करने की बात कही। डॉ. जिज्ञासा सिंह भाजपा नेता डॉ. युवराज सिंह की पत्नी हैं। हालिया बाढ़ के दौरान डॉ. युवराज सिंह की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगाए गए चिकित्सा शिविरों के बाद अब गर्भवती महिलाओं के लिए इस पहल को उसी सेवाभाव की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है।