क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता से कराएं मरम्मत, हाईवे पर अवैध बस स्टॉप और बेतरतीब पार्किंग पर लगेगी रोक....
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
आगामी सर्दी और कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सड़क सुरक्षा के इंतजाम समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने को कहा। सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोहरे और ओस के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड, दिशा सूचक, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग की व्यवस्था समय से दुरुस्त कराई जाए। क्षतिग्रस्त अथवा अस्पष्ट संकेतकों को तत्काल ठीक कराया जाए, जिससे वाहन चालकों को मार्ग की सही जानकारी मिल सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियमित रूप से खड़ी होने वाली रोडवेज और निजी बसों पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए। बसों का ठहराव निर्धारित स्टॉप और अधिकृत स्थलों पर ही कराया जाए, ताकि हाईवे पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका न बढ़े।डीएम ने यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए काम करने को कहा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन सुभाष, एनएचएआई के परियोजना निदेशक विश्वास कुमार, रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, समिति सदस्य मुकेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
