जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, पूर्ण योजनाओं की गुणवत्ता परखने के निर्देश

378 परियोजनाओं से 718 राजस्व ग्रामों को मिलना है नल से पानी, अब तक 150 परियोजनाओं का निर्माण पूरा; डीएम ने स्थलीय सत्यापन पर दिया जोर...

प्रखरवाणी ब्यूरो

फर्रुखाबाद

ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गंभीरता दिखाई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में फेज-2 और फेज-3 के तहत संचालित पाइप पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का जनपद स्तरीय अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण और गुणवत्ता सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निर्माण पूरा होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) एमक्यू हाशमी ने बताया कि जनपद में कुल 378 परियोजनाओं के माध्यम से 718 राजस्व ग्रामों को पाइप पेयजल आपूर्ति से संतृप्त करने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अब तक 150 परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्ण परियोजनाओं के सत्यापन में पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, पंप हाउस और अन्य निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता जांची जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति भी देखी जाए, ताकि ग्रामीणों को योजना का लाभ कागजों के बजाय धरातल पर मिल सके।जिलाधिकारी ने शेष परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन लीकेज अथवा तकनीकी खराबी की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। परियोजनाओं के हस्तांतरण से पहले सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ग्राम पंचायतों को संचालन और रखरखाव की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने साफ किया कि जल जीवन मिशन में गुणवत्ता से समझौता और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं होगी। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने