आकांक्षात्मक ब्लॉक राजेपुर के विकास की समीक्षा करने पहुंचे विशेष सचिव अतुल वत्स, योजनाओं की परखी प्रगति

स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और रोजगार योजनाओं की विभागवार समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश..


प्रखरवाणी ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

आकांक्षात्मक विकासखंड राजेपुर को विकास के विभिन्न मानकों पर बेहतर स्थिति में लाने के लिए शासन स्तर पर समीक्षा और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में विशेष सचिव राजस्व, उत्तर प्रदेश शासन अतुल वत्स ने राजेपुर पहुंचकर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति परखी। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनावार उपलब्धियों और निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी लेते हुए जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति जानी। विशेष सचिव ने निर्देश दिए कि आकांक्षात्मक ब्लॉक के विकास को प्राथमिकता में रखते हुए सभी विभाग ठोस कार्ययोजना के साथ काम करें। विकास के जिन संकेतकों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन्हें चिह्नित कर सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का वास्तविक लाभ गांवों में रहने वाले पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अतुल वत्स ने स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समय से उपचार, आवश्यक दवाइयां और जांच की सुविधाएं उपलब्ध हों। संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने तथा कुपोषण की स्थिति में सुधार के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसानों तक सरकारी योजनाओं, अनुदान और तकनीकी जानकारी पहुंचाने तथा पशुपालन विभाग को टीकाकरण और पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने को कहा।

ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए विशेष सचिव ने पात्र लाभार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं तभी सार्थक होंगी, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करने के साथ कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप निदेशक कृषि, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने