गांधी जयंती पर पुलिस लाइन में शपथ, सम्मान के साथ रवाना हुईं दो नई दमकल गाड़ियां
एसपी आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ, उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित हुए अधिकारी-कर्मचारी
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)
गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में सेवा, कर्तव्य और राष्ट्रनिष्ठा का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
कार्यक्रम में गृह मंत्रालय भारत सरकार के अति उत्कृष्ट एवं उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को एसपी आरती सिंह ने पदक-चिह्न लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। पुलिस लाइन में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया। एसपी ने कहा कि किसी भी व्यवस्था को मजबूत बनाने में हर स्तर पर जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
जिले की अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसपी आरती सिंह ने पुलिस लाइन से दो नवीन अत्याधुनिक फायर टेंडर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई दमकल गाड़ियों से आग की घटनाओं के दौरान अग्निशमन दल को अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे और मौके पर त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सेवा और कर्तव्य के संदेश के साथ पुलिस विभाग की अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की यह पहल भी सामने आई।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय फतेहगढ़ में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।