पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने निकली सोशल मीडिया टीम

 पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने निकली सोशल मीडिया टीम 

विश्व पर्यटन सप्ताह में डीएम की पहल, कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर टीम को किया रवाना







प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)

जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की पहल पर पर्यटन विभाग ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, यू-ट्यूबर और ब्लॉगर की टीम को भ्रमण पर रवाना किया। सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। टीम जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कर उनकी विशेषताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि फर्रुखाबाद में कई ऐसे स्थल हैं, जिनकी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान व्यापक स्तर पर सामने लाने की जरूरत है। सोशल मीडिया की पहुंच का इस्तेमाल कर इन स्थलों को नए तरीके से लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा सकता है। इससे जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और बाहर से आने वाले लोगों को भी फर्रुखाबाद की विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग के माध्यम से आगे भी इस तरह के भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।डीएम ने कहा कि जिले के विभिन्न स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर प्रमुखता से लाने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसे प्रयास उपयोगी साबित होंगे। टीम द्वारा स्थलों का भ्रमण कर तैयार की जाने वाली सामग्री के जरिए फर्रुखाबाद की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक महत्व और पुरातात्विक धरोहर को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार और कार्यक्रम के संयोजन में जुटे पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. एम. मकबूल मौजूद रहे।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने