डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश, एसपी आरती सिंह ने सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा.
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के सुचारु और नकलविहीन संचालन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज पहुंचीं जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को परखा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की जानकारी लेते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में पंजीकृत 384 अभ्यर्थियों में से 262 उपस्थित और 122 अनुपस्थित मिले। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 384 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 264 ने परीक्षा दी, जबकि 120 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने के साथ परीक्षा कक्षों में सतर्क निगरानी की जाए, ताकि नकल अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी पर तैनात कार्मिक पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात सुचारु रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

