नैगवां में कलाइया महाराज के नाम पर सजा दंगल, दूर-दराज से पहुंचे पहलवान

 नैगवां में कलाइया महाराज के नाम पर सजा दंगल, दूर-दराज से पहुंचे पहलवान


प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)

 विकासखंड शमसाबाद के ग्राम नैगवां में रविवार को वर्षों पुरानी दंगल की परंपरा फिर जीवंत हुई। अनंत चौदस पर होने वाला यह दंगल इस बार लगातार बारिश के कारण चार अक्टूबर को कराया गया। कलाइया महाराज के नाम से आयोजित दंगल में दिल्ली, अलीगढ़, आगरा, कासगंज, कन्नौज, फर्रुखाबाद और सहावर समेत कई स्थानों से पहलवान पहुंचे और अखाड़े में अपने दांव-पेच दिखाए। कुश्ती शुरू होते ही अखाड़े के चारों ओर दर्शकों की भीड़ जुट गई और पहलवानों के जोरदार दांव पर तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल रोमांचित हो उठा।

ग्रामीणों के सहयोग और चंदे से आयोजित होने वाला यह दंगल नैगवां की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दशकों से कलाइया महाराज के नाम पर यह आयोजन होता आ रहा है और हर वर्ष अनंत चौदस के अवसर पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही दूसरे जिलों से भी पहलवान इसमें पहुंचते हैं। बारिश के कारण इस बार आयोजन की तारीख बदलनी पड़ी, लेकिन ग्रामीणों ने परंपरा को टूटने नहीं दिया। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे।

दंगल में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलखन राजपूत, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज राजपूत, प्रधान प्रतिनिधि हरिवान राजपूत, अवधेश राजपूत, ग्राम प्रधान दुर्विजय राजपूत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह दादा, महेंद्र राजपूत, संजय राजपूत समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों का उत्साह बढ़ाया और ग्रामीणों की ओर से वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को कायम रखने के प्रयास की सराहना की।आयोजन स्थल पर दिनभर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही। दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों के मुकाबलों को देखने के लिए युवा, बुजुर्ग और बच्चे भी अखाड़े के आसपास जुटे रहे। ग्रामीणों ने बताया कि दंगल केवल कुश्ती का आयोजन नहीं बल्कि गांव की सामूहिक परंपरा और आपसी सहयोग का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष चंदा एकत्र कर मिल-जुलकर आयोजित किया जाता है। बारिश ने तारीख जरूर बदल दी, लेकिन ग्रामीणों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने