डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों की सेवा, 355 मरीजों को मिला उपचार

 डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों की सेवा, 355 मरीजों को मिला उपचार.

प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)                                                                     बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से रविवार को प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर राजेपुर में चतुर्थ बाढ़ राहत चिकित्सा शिविर लगाया गया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 10 बाढ़ प्रभावित गांवों कांधर, कुंवरपुरा, खुंटिया, सिया, सरह, बांकेपुरवा, महमदगंज, टेरा अकबरपुर, सवासी और धीरजपुर से ग्रामीण पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में डॉ. कविता शर्मा समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। कुल 355 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बदलते मौसम में संक्रमण से बचाव, साफ पानी के इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवा के साथ मानवीय सहायता का भी ध्यान रखा गया।इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के 112 बच्चों को कपड़े वितरित किए गए। रेड क्रॉस सभापति शीश मेहरोत्रा के संयोजन में हुए शिविर में डॉ. अरविंद गुप्ता, अवनीश अग्निहोत्री समेत रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। दूरदराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों के लिए जांच और दवा की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से उन्हें राहत मिली।डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना चिकित्सकों और सामाजिक संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ आईएमए और रेड क्रॉस की ओर से राहत शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी शिविर में मिली चिकित्सा सुविधा और बच्चों को कपड़े उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम का आभार जताया।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने