50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर..
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति दर्ज करने में लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यक्रमों और 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय से सही आंकड़े फीड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं का संबंधित अभिलेखों से मिलान कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित करें। डाटा फीडिंग में देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा निर्माण स्थलों की गूगल लोकेशन के साथ फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों की वास्तविक प्रगति का सत्यापन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने पांचाल घाट क्षेत्र में निराश्रित गोवंश की समस्या पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गोवंश को पकड़कर निर्धारित गो-आश्रय स्थलों तक पहुंचाने और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने आमजन की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं, प्रोजेक्ट अलंकार की समीक्षा में जिला विद्यालय निरीक्षक को लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा। जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों से संबंधित सूचनाओं की पोर्टल पर फीडिंग तेज करने तथा आशा और एएनएम के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिले और विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन और पूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण की प्रगति और हस्तांतरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग जनहित में शुरू हो सके। शेष परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया। डीएम ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
