खेत में पहुंचकर डीएम ने परखी धान की उपज, क्रॉप कटिंग से उत्पादन का लिया जायजा

याकूतगंज में कराया गया फसल कटाई प्रयोग, उपज के सटीक आकलन और आंकड़ों की पारदर्शिता पर जोर

प्रखर वाणी ब्यूरो 
फर्रुखाबाद

 धान की उत्पादकता का वास्तविक आकलन करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को सदर तहसील के याकूतगंज गांव में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। ग्राम याकूतगंज, परगना भोजपुर स्थित गाटा संख्या 1053 पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान की फसल की कटाई कराई गई। जिलाधिकारी ने मौके पर क्रॉप कटिंग की कार्यवाही देखी और उपज के आकलन की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल कटाई प्रयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं, जिससे उत्पादन के सही और विश्वसनीय आंकड़े सामने आ सकें।
क्रॉप कटिंग प्रयोग संख्या-01 के तहत गाटा संख्या 1053 से प्राप्त धान की उपज का वजन 23.985 किलोग्राम दर्ज किया गया। वहीं, गाटा संख्या 476 पर प्रयोग संख्या-02 के माध्यम से भी उपज का आकलन किया गया। क्रॉप कटिंग के दौरान निर्धारित क्षेत्रफल से प्राप्त फसल का वजन लेकर उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इससे धान की वास्तविक पैदावार का आकलन करने में मदद मिलती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि उत्पादन के आकलन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
इसलिए कटाई से लेकर उपज के वजन और आंकड़ों के अभिलेखीकरण तक प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए। उन्होंने आंकड़ों में शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने