16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक..
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
जनगणना-2027 में नगरवासी घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने नगरवासियों से निर्धारित पोर्टल पर स्व-गणना कर जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं बनाने और जनसुविधाओं के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।ईओ विनोद कुमार ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक https://se.census.gov.in/ पोर्टल पर जाकर 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों की जानकारी जुटाएंगे। स्व-गणना की सुविधा से नागरिकों को घर बैठे ही अपने परिवार का ब्योरा दर्ज करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य मानते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। स्व-गणना के दौरान सभी जानकारियां सही-सही दर्ज करें, ताकि आंकड़े सटीक और विश्वसनीय बन सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त जानकारी के आधार पर विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने में मदद मिलती है। ऐसे में प्रत्येक परिवार की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
