सीएचसी में आशा-संगनियों का सातवें दिन भी धरना जारी
मानदेय बढ़ाने समेत मांगों पर कार्रवाई न होने से आक्रोश, बोलीं—समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रखरवाणी राजेपुर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर परिसर में मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगनियों का धरना बुधवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सीएचसी परिसर में जुटीं और नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सात दिन बीतने के बाद भी संबंधित अधिकारियों के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं और संगनियों का कहना है कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ ही टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और विभिन्न अभियानों में भी जिम्मेदारी निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। सात दिनों से लगातार धरना चलने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के वार्ता के लिए नहीं पहुंचने से उनका आक्रोश बढ़ रहा है।आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और वे अपनी मांगों को विभाग के सामने रख रही हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती और समस्याओं के समाधान का भरोसा नहीं मिलता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।संगनियों ने अधिकारियों से धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।सातवें दिन भी धरना जारी रहने से सीएचसी परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही। आशा कार्यकर्ताओं और संगनियों ने एकजुट होकर कहा कि मानदेय बढ़ाने समेत उनकी मांगों का समाधान होने तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगी।
