रोजगार सृजन दिवस की तैयारी में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, 13 सचिव और तीन तकनीकी सहायकों पर कार्रवाई के निर्देश
29 हजार मानव दिवस का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश, राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी के निलंबन की संस्तुति; लापरवाह रोजगार सेवकों की सेवा समाप्ति के भी संकेत
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद
12 अक्टूबर को प्रस्तावित विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों में ढिलाई पर मुख्य विकास अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंडों में संचालित विकास कार्यों और विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जीआरएएम जी) की प्रगति की समीक्षा में कई स्तरों पर अपेक्षित गति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने साफ कहा कि निर्धारित 29 हजार मानव दिवस का लक्ष्य पूरा करने में किसी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गांवों में अधिक से अधिक जरूरतमंद श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
समीक्षा में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति तथा उनके कार्यों की प्रगति जांची गई। कई स्थानों पर लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं मिलने और दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सामने आने पर 13 ग्राम पंचायत सचिवों और तीन तकनीकी सहायकों को चेतावनी देने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री पर कार्रवाई के निर्देश समीक्षा में राजेपुर विकासखंड के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री के स्तर से वीबी-जीआरएएम जी के कार्यों में अपेक्षित रुचि न लेने, बैठक में अनुपस्थित रहने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध निलंबन/अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा ऐसे ग्राम रोजगार सेवकों को चिन्हित करने को कहा गया, जिनकी वजह से लक्ष्य प्रभावित हो रहा है। लापरवाही की पुष्टि होने पर नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि रोजगार सृजन के साथ कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और अभिलेखों का सही रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना और वीबी-जीआरएएम जी के कार्यों को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करना शासन की प्राथमिकता है। भविष्य में लक्ष्य पूर्ति में शिथिलता, कार्यों में लापरवाही अथवा शासन के निर्देशों की अनदेखी मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
