चक रोड पर काम गायब, बीबी राम जी योजना में कागजों पर दौड़ रहे मजदूर! छह दिन में 292 की हाजिरी से उठे सवाल
ख्वाजा अहमदपुर कटिया में दो चक रोड पर मिट्टी कार्य के नाम पर कथित खेल, मौके पर काम नहीं दिखने का आरोप; जांच हुई तो खुल सकती है हाजिरी और भुगतान की हकीकत
शमसाबाद फर्रुखाबाद
मनरेगा में भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर विकासखंड शमसाबाद की ग्राम पंचायत ख्वाजा अहमदपुर कटिया में दो चक रोड पर हो रहे मिट्टी कार्य ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कागजों में मजदूरों की लंबी सूची और हाजिरी के आंकड़े दर्ज हैं, लेकिन मौके पर काम दिखाई नहीं देने का आरोप है। डामर रोड से लालाराम के खेत तक और डामर रोड से शिवकुमार के खेत तक चक रोड पर मिट्टी कार्य कराया जाना दर्शाया गया है। ग्रामीण स्तर पर उठ रहे सवालों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब धरातल पर काम नजर नहीं आ रहा, तो फिर मजदूरों की इतनी बड़ी संख्या में हाजिरी किस आधार पर दर्ज की गई? कहीं काम के नाम पर केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी कर सरकारी धनराशि निकालने की तैयारी तो नहीं की जा रही? इन आरोपों की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तीन अक्टूबर को 52, चार अक्टूबर को 52, पांच अक्टूबर को 52, छह अक्टूबर को 52, सात अक्टूबर को 26 और आठ अक्टूबर को 58 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज दिखाई गई है। यानी छह दिनों में कुल 292 मजदूरों की हाजिरी का हिसाब सामने है। इसके बावजूद दोनों चक रोड पर मिट्टी कार्य नहीं दिखाई देने का आरोप पूरे मामले को संदेह के घेरे में खड़ा करता है। यदि मौके पर काम नहीं हुआ और अभिलेखों में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर दी गई, तो यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है। जांच में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि कार्यस्थल पर वास्तव में कितने मजदूर पहुंचे, कितना मिट्टी कार्य हुआ, माप पुस्तिका में क्या दर्ज है और मजदूरी का भुगतान हुआ है या नहीं। मनरेगा में पारदर्शिता के दावों के बीच जरूरी है कि मौके की स्थिति और सरकारी अभिलेखों का मिलान कर जिम्मेदारी तय की जाए। अब देखना है कि जांच केवल कागजों तक सीमित रहती है या धरातल पर पड़ताल कर जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होती है..
यदि ऐसा कोई मामला है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बीबी राम जी योजना में किसी भी प्रकार से भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा।
कपिल कुमार
डीसी मनरेगा, फर्रुखाबाद