जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, करीब 100 मॉडलों का प्रदर्शन
प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली व उपयोगिता की जानकारी ली। डीएम ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें वैज्ञानिक सोच के साथ नए प्रयोग करने और तकनीक के माध्यम से समाज की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहकर अपने आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझना चाहिए।
रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और नए विचारों के माध्यम से दैनिक जीवन की अनेक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकते हैं। विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नवाचार और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति जरूरी है।
प्रदर्शनी में करीब 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, सेंसर तकनीक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने एडवांस्ड रडार विजन इंटेलिजेंस सिस्टम (ARVS) मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ब्लॉकचेन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित मॉडल के साथ दूसरे और मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता स्मार्ट रेलवे स्टेशन मॉडल के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
निर्णायक मंडल ने मॉडलों का मूल्यांकन उनकी उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा और प्रस्तुतिकरण के आधार पर किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को पांच हजार रुपये, द्वितीय स्थान वाले को तीन हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को दो हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को एक-एक हजार रुपये मिलेंगे। चयनित प्रतिभागी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत, निर्णायक मंडल के सदस्य और शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया।
Tags
Farrukhabad