श्रीरामनगरिया मेले की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर

22 जनवरी से पांचाल घाट पर सजेगा मेला, गंगा की स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश



प्रखर वाणी ब्यूरो 
फर्रुखाबाद




 पांचाल घाट पर आयोजित होने वाले श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मेला समिति के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी को असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार ने बताया कि गंगा तट पर पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक आयोजित होने वाला श्रीरामनगरिया मेला इस बार 22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। मेले में बड़ी संख्या में साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां पूरी करनी होंगी। बैठक में मेला समिति के सदस्यों ने गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए नदी में दूषित पानी का प्रवाह रोकने और घाटों पर सफाई के समुचित इंतजाम करने का सुझाव दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों, मनचलों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने की जरूरत भी बताई गई।
समिति के सदस्यों ने मेला क्षेत्र में अन्ना पशुओं के विचरण पर रोक लगाने का सुझाव दिया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो और स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने प्राप्त सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और विभागवार कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रीरामनगरिया मेला जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, जिससे मेले में आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित संबंधित अधिकारी और मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने