तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक में मारी टक्कर, तीन युवक घायल
प्रखरवाणी अकराबाद।(अलीगढ़ )सोमवार देर रात बरला मोड़ के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, मिश्रीपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार, गोपाली पुत्र शीशपाल तथा राजेश कुमार पुत्र सुरेश पाल सिंह सोमवार रात करीब 11 बजे बाइक से छर्रा में अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। बताया गया कि बरला मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आए कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हादसे की जानकारी घायलों के स्वजन को दी। अस्पताल पहुंचे परिजन तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार कैंटर चालक की तलाश में जुटी है।