फरियाद लेकर पहुंचे लोगों से सीधे रूबरू हुईं डीएम, शिकायतों के समाधान की तय की जिम्मेदारी
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद ....कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरण जिलाधिकारी के समक्ष रखे। डीएम ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए उसके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दर्शन में डीएम का जोर शिकायतों को केवल दर्ज करने के बजाय उनके वास्तविक समाधान पर रहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी शिकायत को लंबित रखने या निस्तारण के नाम पर महज औपचारिकता पूरी करने की प्रवृत्ति न अपनाई जाए। जिन मामलों में मौके पर जांच या विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी अपने स्तर से प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने प्राप्त प्रकरणों पर की गई कार्रवाई की गंभीरता से निगरानी रखने और फरियादियों को निस्तारण की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में डीएम की ओर से शिकायतों को सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय किए जाने से प्रशासन के समाधान-केंद्रित रवैये का संदेश भी गया।
Tags
Farrukhabad
