टीबी मरीजों से संवाद में संवेदनशीलता पर जोर, एनटीईपी स्टाफ को सिखाए काउंसलिंग के तरीके
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद...टीबी मरीजों को उपचार से लगातार जोड़े रखने के लिए दवा के साथ बेहतर संवाद और संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत जिला क्षय रोग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय काउंसलिंग एवं सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मरीज की बात ध्यान से सुनने, उसकी परिस्थितियों को समझने और उपचार के दौरान आने वाली परेशानियों को पहचानकर उचित मार्गदर्शन देने के तरीकों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय यादव और उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुनय कुटार समेत एनटीईपी के विभिन्न कैडर के कर्मचारी शामिल हुए।प्रशिक्षण में स्टेट कैपेसिटी बिल्डिंग कोआर्डिनेटर सुनीता यादव और यशपाल सिंह राजपूत ने कर्मचारियों को प्रभावी संवाद और काउंसलिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। डीपीसी, डीपीटीसी, पीपीएम कोआर्डिनेटर, एसटीएस और एसटीएलएस सहित अन्य कर्मचारियों को बताया गया कि कई बार मरीज बीमारी, सामाजिक परिस्थितियों या अन्य कारणों से दवा लेना छोड़ देते हैं अथवा नियमित फॉलोअप नहीं कराते। ऐसे मामलों में मरीज पर दबाव बनाने के बजाय उसकी समस्या समझकर भरोसे के साथ बातचीत करना और उसे उपचार जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना अधिक प्रभावी होता है। प्रशिक्षण टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस), मुंबई एवं संबंधित विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार से वह अपनी समस्याएं बिना संकोच साझा कर सकता है और उपचार के प्रति उसका भरोसा बढ़ता है। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को उपचार की नियमितता बनाए रखने के साथ टीबी मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने के तरीके भी बताए गए। प्रशिक्षण का उद्देश्य एनटीईपी स्टाफ की काउंसलिंग क्षमता को मजबूत करना है, ताकि मरीज को दवा के साथ आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी मिल सके और वह उपचार को बीच में छोड़े बिना पूरा कर सके।