खेल मैदान में दिखी प्रतिभा, डीएम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
खेल मैदान में दिखी प्रतिभा, डीएम ने बढ़ाया 270 खिलाड़ियों का हौसला
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद,,पुलिस लाइन मैदान में मंगलवार को 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का आगाज हुआ। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने ध्वजारोहण और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 270 छात्र-छात्राओं ने मार्च-पास्ट किया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। फतेहगढ़, फर्रुखाबाद और कायमगंज क्षेत्र के विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।जिलाधिकारी ने कहा कि खेल का मैदान केवल पदक जीतने की जगह नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की सीख देने वाला मंच भी है। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनकी नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। कहा कि जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं से विद्यालयों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मंडलीय तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के साथ खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ाया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं के दौरान खिलाड़ियों के बीच आगे निकलने की होड़ के साथ खेल भावना भी नजर आई। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Tags
Farrukhabad