बीट व्यवस्था मजबूत करने पर एसपी ने दिए निर्देश
बीट व्यवस्था मजबूत करने में लापरवाही न हो, संदिग्धों पर रहे पैनी नजर
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद...पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने पुलिस लाइन स्थित पुलिस कार्यालय में बीट आरक्षियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बीट आरक्षियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बीट बुक को नियमित रूप से अद्यावधिक रखा जाए और क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थानीय गतिविधियों की जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने टर्नआउट के साथ अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।एसपी ने कहा कि बीट पुलिसिंग का उद्देश्य केवल ड्यूटी पूरी करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखना है। अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की सतर्कता से निगरानी की जाए तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र के लोगों से निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने डीजीपी के परिपत्रों के अनुरूप बीट क्षेत्र में संभावित विवादों का चिन्हीकरण कर उनका समयबद्ध सत्यापन कराने तथा आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने निर्देश दिए कि छोटे विवादों को नजरअंदाज न किया जाए, ताकि समय रहते उनका समाधान कर बड़ी घटना की स्थिति को टाला जा सके। उन्होंने बीट आरक्षियों से जिम्मेदारी के साथ सक्रिय पुलिसिंग करने और अपने-अपने क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण गतिविधि से अपडेट रहने की अपेक्षा की।