आशा कार्यकर्ताओं का धरना पांचवें दिन भी जारी, अधिकारी नहीं पहुंचे
मानदेय समेत कई मांगों को लेकर राजेपुर में प्रदर्शन, जिम्मेदारों की उदासीनता पर जताई नाराजगी
राजेपुर प्रखरवाणी फर्रुखाबाद ।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों का धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। मानदेय का भुगतान कराने समेत कई मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। पांच दिन बीतने के बाद भी अधिकारियों के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने से प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे लगातार अपनी समस्याओं और मांगों को अधिकारियों के सामने रखने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने की पहल नहीं की है।आशा कार्यकर्ताओं के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मान सिंह भी धरना स्थल पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।पांचवें दिन भी धरना जारी रहने के बावजूद अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।