34 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा आरोग्य मेला, 1540 मरीज पहुंचे
265 बुखार रोगियों की जांच, मलेरिया और डेंगू के सभी नमूने निकले निगेटिव
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद) मौसम में बदलाव के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जिले के 34 प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में लगे मेलों में 1540 मरीजों ने पहुंचकर उपचार और चिकित्सकीय परामर्श लिया। इनमें 781 पुरुष, 566 महिलाएं और 193 बच्चे शामिल रहे। मरीजों की जांच के लिए 35 चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई।मेले में 265 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। इनमें 108 की मलेरिया रैपिड जांच कराई गई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पाजिटिव नहीं आई। 42 मरीजों की डेंगू जांच भी कराई गई और सभी रिपोर्ट निगेटिव रहीं। इसके अलावा 24 मरीजों की हेपेटाइटिस-बी और 33 की हेपेटाइटिस-सी जांच हुई, जबकि 30 मरीजों की कोविड जांच कराई गई। आंखों की समस्या से परेशान 11 मरीजों की जांच की गई। पांच मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा गया और छह के गोल्डन कार्ड बनाए गए।मेले में सामान्य बीमारियों के साथ गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर भी जोर रहा। त्वचा संबंधी समस्या के 372, गैस्ट्रो के 178, डायबिटीज के 178, श्वसन संबंधी बीमारी के 176 और उच्च रक्तचाप के 69 मरीज पहुंचे। 45 गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई, जबकि 29 मरीज लिवर संबंधी समस्या के साथ पहुंचे। 21 लोगों को तंबाकू छोड़ने की सलाह दी गई तथा 12 मरीजों की टीबी और पांच की एनीमिया संबंधी जांच की गई। अन्य बीमारियों के 668 मरीजों को भी आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि आरोग्य मेले का उद्देश्य लोगों को घर के नजदीक ही जांच, उपचार, परामर्श और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए बुखार, मलेरिया और डेंगू जैसे रोगों की समय से पहचान पर विशेष नजर रखी जा रही है।