छह माह में 20,740 प्रसव, सरकारी अस्पतालों में 10,805 डिलीवरी

 छह माह में 20,740 प्रसव, सरकारी अस्पतालों में 10,805 डिलीवरी

सितंबर में सबसे अधिक 4331 प्रसव, जेएसवाई भुगतान और टीकाकरण में भी तेजी


प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)

 जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के आंकड़ों में इस बार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की ओर बढ़ते रुझान की तस्वीर सामने आई है। अप्रैल से सितंबर तक छह माह में जिले में 20,740 प्रसव दर्ज किए गए। इनमें 10,805 प्रसव सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में हुए, जबकि 9,935 महिलाओं ने निजी संस्थानों में प्रसव कराया। सितंबर में सर्वाधिक 4,331 प्रसव दर्ज हुए, जिनमें 2,390 सरकारी संस्थानों में हुए।अप्रैल में जिले में 2,175 प्रसव से शुरू हुआ आंकड़ा सितंबर में बढ़कर 4,331 तक पहुंच गया। इसी अवधि में सरकारी संस्थानों में प्रसव की संख्या 1,064 से बढ़कर 2,390 हो गई। अप्रैल से सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में प्रसव की संख्या लगातार बढ़ने से संस्थागत प्रसव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों का असर दिखाई दे रहा है। निजी संस्थानों में भी छह माह के दौरान 9,935 प्रसव दर्ज किए गए।जननी सुरक्षा योजना के तहत भी भुगतान में तेजी रही। अप्रैल से सितंबर तक 9,110 लाभार्थियों को जेएसवाई का भुगतान किया गया, जिसमें सितंबर में सर्वाधिक 2,468 भुगतान दर्ज हुए। वहीं छह माह में 24,091 टीकाकरण किए गए। जून में सबसे अधिक 5,435 टीकाकरण दर्ज किए गए। महिलाओं में खून की कमी को दूर करने के लिए 187 को एफसीएम थेरेपी, 649 को आयरन सुक्रोज उपचार और जरूरत के अनुसार 496 ब्लड ट्रांसफ्यूजन कराए गए।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। विभाग का जोर संस्थागत प्रसव बढ़ाने के साथ गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार, जननी सुरक्षा योजना का लाभ और बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने पर है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने